छत्तीसगढ़

14 दिन तक बंद रहेगा रेलवे स्टेशन गेट नंबर-7 का अंडरब्रिज, वैकल्पिक मार्गों से करना होगा सफर

रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-7 (गुढ़ियारी साइड) स्थित एक्सप्रेस-वे अंडरब्रिज को मरम्मत कार्य के चलते अगले 14 दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। इस दौरान इस मार्ग से किसी भी प्रकार के वाहन नहीं गुजर सकेंगे और लोगों को दूसरे रास्तों का सहारा लेना होगा।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की ओर से यहां पाइपलाइन बिछाने, कवर शेड लगाने और अन्य आवश्यक कार्य किए जाएंगे। इसी वजह से यह मार्ग 18 जून तक बंद रहेगा।

रेलवे स्टेशन की तरफ से एक्सप्रेस-वे के रास्ते गुढ़ियारी जाने वाले वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है। इस अंडरब्रिज से प्रतिदिन करीब 20 से 25 हजार वाहन गुजरते हैं, इसलिए इसके बंद होने का असर शहर के यातायात पर भी देखने को मिल सकता है।

इन मार्गों पर बढ़ेगा ट्रैफिक दबाव

अंडरब्रिज बंद होने के बाद वाहनों का दबाव अब तेलघानी नाका अंडरब्रिज और गुढ़ियारी-नर्मदापारा अंडरब्रिज पर बढ़ने की संभावना है। इसके चलते इन इलाकों में ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है।

यातायात व्यवस्था बनाए रखना चुनौती

तेलघानी नाका अंडरब्रिज में पहले से ही वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। ऐसे में अतिरिक्त ट्रैफिक के कारण पुलिस और यातायात विभाग के सामने व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती बढ़ सकती है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण भी किया जा सकता है।

ये हैं वैकल्पिक मार्ग

वाहन चालकों को निम्न मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है—

तेलघानी नाका ओवरब्रिज
चुनाभट्टी अंडरब्रिज
नर्मदापारा अंडरब्रिज

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घर से समय से पहले निकलें और तय किए गए डायवर्जन रूट का पालन करें, ताकि अनावश्यक परेशानी और जाम से बचा जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts