मध्यप्रदेश

20 जून के बाद मध्य प्रदेश में पहुंचेगा मानसून, कई जिलों में आंधी-बारिश और ओलों का अलर्ट

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। प्री-मानसून गतिविधियों के असर से राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के कई इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है। इसी बीच मौसम विभाग ने मानसून को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 20 जून के बाद मानसून की एंट्री होने की संभावना है। हालांकि मानसून के आने से पहले ही प्री-मानसून सिस्टम सक्रिय हो चुका है, जिसके चलते कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू हो गया है।

भोपाल में सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। हल्की फुहारों के कारण मौसम सुहावना हो गया है और गर्मी का असर कम महसूस किया जा रहा है।

मौसम विभाग ने प्रदेश के 39 जिलों के लिए आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। उज्जैन, ग्वालियर, सागर और चंबल संभाग के कई जिलों में बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना जताई गई है।

वहीं नीमच, श्योपुर, मुरैना, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा भोपाल, उज्जैन, नर्मदापुरम, जबलपुर, सागर और रीवा संभाग के 33 जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से धूलभरी आंधी चल सकती है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की भी संभावना है।

हालांकि इंदौर और शहडोल संभाग के कई क्षेत्रों में फिलहाल मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। यहां तेज धूप और गर्मी का असर जारी रह सकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts