जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 133.3 ग्राम अफीम बरामद की गई है, जिसकी कीमत करीब 66 हजार 500 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति गोयलबाड़ी तिराहा क्षेत्र में अफीम बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान जगदीश चौधरी के रूप में हुई।
जांच के दौरान आरोपी ने बरामद पदार्थ को शिलाजीत बताकर पुलिस को भ्रमित करने की कोशिश की। हालांकि पुलिस ने मौके पर एफएसएल किट से परीक्षण कराया, जिसमें पदार्थ अफीम निकला।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी राजस्थान के जोधपुर का रहने वाला है। वह जगदलपुर में किराए के मकान में रह रहा था और वहीं से नशीले पदार्थों का कारोबार संचालित कर रहा था।
आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 18(B) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।





