मनोरंजन

‘कॉकटेल 2’ के ट्रेलर लॉन्च पर मस्ती के मूड में दिखे सितारे, इवेंट में प्यार और दोस्ती पर खुलकर बोले सितारे

शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना स्टारर फिल्म ‘कॉकटेल 2’ का ट्रेलर रिलीज होने के साथ ही इसकी स्टारकास्ट भी चर्चा में आ गई है। ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान तीनों कलाकारों का मजाकिया और बेफिक्र अंदाज देखने को मिला। इस मौके पर फिल्म, प्यार और रिश्तों से जुड़े कई सवालों पर कलाकारों ने खुलकर अपनी बात रखी।

इवेंट से सामने आए एक वीडियो में शाहिद कपूर मशहूर गायिका सुनिधि चौहान के साथ फिल्म का रोमांटिक गीत ‘तुझको’ गाते नजर आए। वहीं एक अन्य बातचीत में तीनों सितारों से उनके पहले प्यार को लेकर सवाल किया गया।

इस दौरान कृति सेनन ने कहा, “उस टाइम लगता है कि ये प्यार है, लेकिन बाद में लगता है शायद नहीं था।” कृति की बात सुनकर शाहिद कपूर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि लगता है वह अभी भी अपने किरदार में ही हैं।

वहीं रश्मिका मंदाना ने अपने पहले प्यार के सवाल पर जवाब देते हुए कहा, “मैंने अभी अभी शादी की है और मैं इसमें काफी खुश हूं। इसलिए मैं फर्स्ट लव के बारे में कोई बात नहीं करना चाहती। मैं प्रेजेंट टाइम में ही खुश हूं।”

‘कॉकटेल 2’ की कहानी को लेकर इसकी घोषणा के बाद से ऐसी चर्चाएं चल रही थीं कि फिल्म में कृति सेनन और रश्मिका मंदाना समलैंगिक बनी हैं। ट्रेलर लॉन्च के दौरान कृति सेनन ने इस पर भी प्रतिक्रिया दी। इवेंट में दोनों की बॉन्डिंग देखकर जब शाहिद कपूर ने कहा कि इसीलिए लोगों को लगता है कि फिल्म में तुम दोनों समलैंगिक हो, क्योंकि तुम्हारी केमिस्ट्री नेचुरल लगती है।

इस पर कृति सेनन ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “अगर दो लड़के बहुत अच्छे दोस्त हैं और उनकी बॉन्डिंग अच्छी है, तो लोग उसे ब्रोमैंस कहते हैं। लेकिन लड़कियों के बारे में लोगों को ये विश्वास ही नहीं होता।”

उन्होंने आगे कहा, “उनको लगता है कि या तो इनमें आपस में टसल होगी, लड़ाई होगी। या फिर अगर दो लड़कियों के बीच अच्छी बॉन्डिंग है तो इनमें कुछ चल रहा है। ये सोच काफी बुरी है।”

गौरतलब है कि ‘कॉकटेल 2’ साल 2012 में रिलीज हुई सुपरहिट फिल्म ‘कॉकटेल’ का सीक्वल है। पहली फिल्म में सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। फिल्म का निर्देशन होमी अदजानिया ने किया था और इसे बॉक्स ऑफिस के साथ-साथ समीक्षकों से भी शानदार प्रतिक्रिया मिली थी।

करीब 14 साल बाद अब इसका सीक्वल दर्शकों के बीच आने जा रहा है। होमी अदजानिया द्वारा निर्देशित और दिनेश विजान, लव रंजन द्वारा निर्मित ‘कॉकटेल 2’ 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts