छत्तीसगढ़ में नौतपा के दौरान तेज गर्मी का असर लगातार देखने को मिल रहा है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। दोपहर के समय सड़कें सुनसान नजर आ रही हैं और गर्म हवाओं के कारण लोग घरों में रहने को मजबूर हैं।
हालांकि बुधवार को कई इलाकों में मौसम ने अचानक करवट भी ली। राजधानी रायपुर समेत कई जगहों पर तेज आंधी और हल्की बारिश दर्ज की गई। कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी खबर सामने आई, जबकि कई इलाकों में सिर्फ बूंदाबांदी हुई। इसके बावजूद लोगों को गर्मी से ज्यादा राहत नहीं मिल पाई।
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखा गया है। इसके कारण तापमान में हल्की गिरावट दर्ज हुई है, लेकिन अगले दो दिनों तक गर्मी और हीटवेव का असर बने रहने की संभावना जताई गई है।
प्रदेश में बुधवार को सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 45.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा कबीरधाम में 44 डिग्री, बेमेतरा में 43.8 डिग्री, जांजगीर-चांपा में 43.7 डिग्री और रायपुर में 43.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने रायपुर में गुरुवार को भी हीटवेव की स्थिति बने रहने की चेतावनी दी है। राजधानी में अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है।





