बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान एक बार फिर अपने गुस्से को लेकर चर्चा में हैं। मुंबई के हिंदुजा अस्पताल के बाहर पैपराजी पर भड़कने के बाद अब सलमान खान ने सोशल मीडिया पर भी फोटोग्राफरों को लेकर नाराजगी जाहिर की है। अभिनेता ने कहा कि किसी के मुश्किल वक्त को तमाशा बनाना सही नहीं है।
दरअसल, सलमान खान हाल ही में मुंबई के हिंदुजा अस्पताल पहुंचे थे। इस दौरान कुछ फोटोग्राफर उनका पीछा करते हुए अस्पताल तक पहुंच गए। जैसे ही अभिनेता अस्पताल से बाहर निकले, पैपराजी ने उनका ध्यान खींचने के लिए आवाज लगानी शुरू कर दी। इस बात से सलमान काफी नाराज नजर आए।
बाद में सलमान खान ने इंस्टाग्राम पर अपनी कुछ सेल्फी शेयर करते हुए लंबा पोस्ट लिखा। उन्होंने कहा कि वह हमेशा मीडिया और फोटोग्राफरों के साथ खड़े रहे हैं ताकि उनकी रोजी-रोटी चलती रहे, लेकिन किसी के दर्द को मनोरंजन बनाना गलत है।
सलमान खान ने लिखा, “अगर मैं किसी अस्पताल में किसी प्रेस को अपने दर्द को एंजॉय करते हुए देखूं। जिस प्रेस के लिए मैं खड़ा रहा हूं, जिसके साथ मैंने बातचीत की है, जिसकी केयर की है, ये श्योर किया है कि वे भी अपनी रोजी-रोटी कमा सकें, लेकिन अगर वे मेरे नुकसान से पैसा कमाना चाहते हैं… चुप रहो, एंजॉय मत करो।”
अपनी अपकमिंग फिल्म ‘मातृभूमि: मई वार रेस्ट इन पीस’ का जिक्र करते हुए सलमान ने लिखा, “भाई भाई भाई मातृभूमि… पिक्चर की मां की आंख, तस्वीर जरूरी है या जिंदगी।”
अभिनेता ने आगे कहा, “ऐसे मैं सौ जला दूंगा। एक भाई के दुख पर अगली बार कोशिश कर लेना मेरे साथ। बस कोशिश कर लेना…जब भी तुम्हारा कोई अस्पताल में होगा तो क्या मैं ऐसे रिएक्ट करूंगा?”
एक अन्य पोस्ट में सलमान खान ने पैपराजी को चेतावनी देते हुए लिखा, “साठ साल का हो गया हूं लेकिन लड़ना नहीं भूला ये याद रख लेना, जेल में डालो गे हा हा हा।”
इससे पहले अस्पताल के बाहर सलमान खान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह फोटोग्राफरों को अस्पताल के पास शोर न करने की हिदायत देते नजर आए थे।
सलमान खान के वर्क फ्रंट की बात करें तो सुपरस्टार फिलहाल अपूर्वा लखिया द्वारा निर्देशित फिल्म ‘मातृभूमि: मई वार रेस्ट इन पीस’ में व्यस्त हैं। इसके अलावा वह निर्देशक वामशी पेडिपल्ली की अपकमिंग फिल्म ‘SVC63’ पर भी काम कर रहे हैं, जिसमें वह पहली बार नयनतारा के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे।





