मनोरंजन

कॉकटेल 2 का नया गाना ‘वल्लाह’ रिलीज, हार्डी संधू की आवाज और पंजाबी बीट्स ने जीता फैंस का दिल

शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना स्टारर फिल्म ‘कॉकटेल 2’ की रिलीज से पहले मेकर्स लगातार दर्शकों के उत्साह को बढ़ाने में जुटे हैं। फिल्म के कई गानों को पहले ही अच्छा रिस्पॉन्स मिल चुका है और अब इसका नया ट्रैक ‘वल्लाह’ भी रिलीज कर दिया गया है, जो अपनी दमदार पंजाबी बीट्स और जोशीले अंदाज से लोगों का ध्यान खींच रहा है।

हाल ही में रिलीज हुए इस गाने को यूनिवर्सल म्यूजिक इंडिया ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर साझा किया है। वीडियो में शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना की शानदार एनर्जी देखने को मिल रही है। गाने का म्यूजिक और बोल ऐसे हैं, जो सुनने वालों के जेहन में लंबे समय तक बने रह सकते हैं।

‘वल्लाह’ के संगीत की जिम्मेदारी प्रीतम ने संभाली है, जबकि इसके बोल अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं। गाने को मशहूर पंजाबी गायक हार्डी संधू और बयानी ने अपनी आवाज दी है। वहीं पंजाबी फ्लेवर को और खास बनाने का काम रोनी अज्नाली और गिल मछराय ने किया है।

इस गाने में फिल्म की कहानी और उसके भावनात्मक तथा मनोरंजक पहलुओं की झलक देखने को मिलती है। इससे पहले रिलीज हुए ‘तुझको’, ‘माशूका’ और ‘जब तलक’ जैसे गानों को भी दर्शकों का अच्छा प्यार मिला है।

फिल्म ‘कॉकटेल 2’ आधुनिक रिश्तों, दोस्ती, प्यार और भावनात्मक उलझनों की कहानी पर आधारित है। फिल्म में रश्मिका मंदाना ‘दीया’ का किरदार निभा रही हैं। यह एक मॉडर्न रिलेशनशिप ड्रामा है, जो आज की युवा पीढ़ी के रिश्तों और चुनौतियों को पर्दे पर दिखाएगी।

फिल्म का निर्देशन होमी अदजानिया ने किया है और यह 19 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts