मनोरंजन

‘वेलकम 3’ का ट्रेलर रिलीज, कॉमेडी और एक्शन का डबल धमाका

मुंबई। अक्षय कुमार की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। करीब 4 मिनट 10 सेकंड लंबे इस ट्रेलर में कॉमेडी, कन्फ्यूजन और एक्शन का भरपूर तड़का देखने को मिल रहा है। फिल्म ‘वेलकम’ फ्रेंचाइजी की तीसरी किस्त है और इसकी बड़ी स्टारकास्ट पहले से ही चर्चा में बनी हुई है।

अक्षय कुमार ने ट्रेलर शेयर करते हुए लिखा, “टेंशन दूर, जंगल का पागलपन शुरू। आपकी सारी चिंताएं दूर करने के लिए आ गया है जबरदस्त स्ट्रेस-बस्टर ‘वेलकम टू द जंगल’ का ट्रेलर। ‘वेलकम टू द जंगल’ – सिनेमाघरों में हंगामा शुरू होगा 26 जून से।”

ट्रेलर की शुरुआत “इंडिया की फर्स्ट 2000 करोड़ी फेक फिल्म” के दावे से होती है। इसके बाद फिल्म की पूरी स्टारकास्ट का मजेदार परिचय दिखाया जाता है। कहानी में अक्षय कुमार और उनकी टीम एक फिल्म बनाने के मिशन पर निकलती है, जो आर्मी की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इसी दौरान गांव के लोग उन्हें असली सैनिक समझ लेते हैं और उनसे मदद की उम्मीद करने लगते हैं।

ट्रेलर में अनिल कपूर के लोकप्रिय किरदार मजनू भाई की पेंटिंग की झलक भी दिखाई गई है। वहीं सुनील शेट्टी और अरशद वारसी की एंट्री कहानी में नया ट्विस्ट लाती है। जैकी श्रॉफ खलनायक के रूप में नजर आते हैं, जिनके आने के बाद घटनाएं और भी दिलचस्प हो जाती हैं।

फिल्म में अक्षय कुमार के साथ सुनील शेट्टी, परेश रावल, अरशद वारसी, रवीना टंडन, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस, लारा दत्ता, जैकी श्रॉफ, जॉनी लीवर, राजपाल यादव, श्रेयस तलपड़े, तुषार कपूर, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा और दलेर मेहंदी अहम भूमिकाओं में हैं। अहमद खान के निर्देशन में बनी यह फिल्म 26 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts