मध्य प्रदेश में 20 मई को दवा दुकानों की हड़ताल रहेगी। राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के कई शहरों में मेडिकल स्टोर बंद रहेंगे। ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) ने ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में यह बंद बुलाया है।
भोपाल केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र धाकड़ ने बताया कि जिले के रिटेल और थोक मेडिकल स्टोर इस बंद में शामिल होंगे। उनका कहना है कि ऑनलाइन दवाओं की बिक्री से जुड़े कई गंभीर सवाल हैं और यह मामला सीधे लोगों की सेहत से जुड़ा हुआ है।
एसोसिएशन के मुताबिक घर-घर पहुंच रही ऑनलाइन दवाओं की गुणवत्ता और निगरानी को लेकर अभी स्पष्ट व्यवस्था नहीं है। संगठन का आरोप है कि ऑनलाइन दवा कारोबार की आड़ में नकली, एक्सपायरी और गलत दवाओं के वितरण की आशंका बढ़ रही है, जिससे मरीजों की जान खतरे में पड़ सकती है।
जितेंद्र धाकड़ ने कहा कि “ऑनलाइन दवा व्यापार की आड़ में नकली, एक्सपायरी एवं गलत दवाओं के वितरण की संभावनाएं बढ़ रही हैं, जिससे मरीजों की जान जोखिम में पड़ सकती है।”
एसोसिएशन ने लोगों से अपील की है कि वे 20 मई से पहले अपनी जरूरी दवाएं खरीद लें, ताकि बंद के दौरान किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। खासतौर पर हृदय रोग, शुगर और बीपी के मरीजों को पहले से दवाओं की व्यवस्था करने की सलाह दी गई है।
हालांकि, अस्पतालों के भीतर संचालित मेडिकल स्टोर्स को इस हड़ताल से बाहर रखा गया है, ताकि मरीजों को आपात स्थिति में दवाओं की कमी न हो।
दवा कारोबारियों की प्रमुख मांगों में ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त नियंत्रण, कॉरपोरेट कंपनियों द्वारा भारी डिस्काउंट पर रोक और नकली या बिना निगरानी वाली दवाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई शामिल है।





