विदेश

अमेरिका ने ISIS के दूसरे सबसे बड़े आतंकी अबू-बिलाल अल-मिनुकी को मारा, डोनाल्ड ट्रंप का ऐलान

अमेरिका ने दुनिया से एक और खूंखार आतंकी का सफाया कर दिया है. इस्लामिक दुनिया बनाने चले आईएसआईएस आतंकी अबू-बिलाल अल मिनुकी अब इस दुनिया में नहीं रहा. अमेरिका ने आईएसआईएस के दूसरे सबसे बड़े आतंकी अबू-बिलाल अल मिनुकी को मार गिराया है. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसकी घोषणा की. डोनाल्ड ट्रंप के मुताबिक, अमेरिकी और नाइजीरियाई सेनाओं के एक ज्वाइंट ऑपरेशन में ISIS के दूसरे सबसे बड़े नेता अबू-बिलाल अल-मिनुकी को मार गिराया है.
डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि यह मिशन अफ्रीका में हुआ. उन्होंने दावा किया कि इस ऑपरेशन से ISIS के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है. उन्होंने ऑपरेशन में सहयोग के लिए नाइजीरिया सरकार का धन्यवाद भी किया.

ट्रंप ने क्या कहा?

डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा कि यह ऑपरेशन उनके निर्देश पर अमेरिकी सेना और नाइजीरिया की सेना ने मिलकर किया. उन्होंने लिखा, ‘आज रात मेरे निर्देश पर बहादुर अमेरिकी सैनिकों और नाइजीरिया की सेना ने दुनिया के सबसे सक्रिय आतंकवादी को खत्म करने के लिए एक बेहद जटिल और पूरी तरह से योजनाबद्ध मिशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया.’

उन्होंने आगे कहा कि अबू-बिलाल अल-मिनुकी को लगता था कि वह अफ्रीका में छुपा रह सकता है, लेकिन अमेरिकी सेना के पास उसकी गतिविधियों पर नजर रखने वाले खुफिया सूत्र थे. ट्रंप ने आगे कहा, ‘अबू-बिलाल अल-मिनुकी ISIS का वैश्विक स्तर पर दूसरा सबसे बड़ा नेता था. वह सोचता था कि वह अफ्रीका में छुपा रह सकता है, लेकिन उसे पता नहीं था कि हमारे पास ऐसे सूत्र हैं जो हमें उसकी हर गतिविधि की जानकारी देते थे.’
डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी कहा कि अब आईएसआईएस का यह नेता अफ्रीका के लोगों को डराने या अमेरिकियों पर हमले की योजना बनाने में मदद नहीं कर सकेगा. उसके मारे जाने के बाद ISIS की वैश्विक गतिविधियां काफी कमजोर हो गई हैं. इस ऑपरेशन में साझेदारी के लिए नाइजीरिया सरकार का धन्यवाद.
अबू-बिलाल अल-मिनुकी कौन था?
अबू-बिलाल अल-मिनुकी को अबू बक्र इब्न मुहम्मद इब्न अली अल-मैनुकी के नाम से भी जाना जाता था. वह अफ्रीका के साहेल क्षेत्र में ISIS की गतिविधियों से जुड़ा एक वरिष्ठ नेता था. वह इस्लामिक दुनिया बनाना चाहता था. अमेरिकी रिकॉर्ड्स के मुताबिक, वह ISIS के जनरल डायरेक्टरेट ऑफ प्रोविन्सेज से जुड़ा था और उसके कई नाम थे. जैसे अबू बिलाल अल-मिनुकी, अबुबकर मैनोक और अबोर मैनोक.
अमेरिका के विदेश विभाग ने 2023 में उसे आधिकारिक तौर पर ISIS का वरिष्ठ नेता घोषित किया था. रिपोर्ट्स के अनुसार, साहेल क्षेत्र में ISIS से जुड़ी गतिविधियों में उसकी बड़ी भूमिका थी और संगठन की अंतरराष्ट्रीय संरचना में उसे एक महत्वपूर्ण व्यक्ति माना जाता था.

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts