मध्यप्रदेश

गैस सिलेंडर के बाद ईंधन महंगा: भोपाल में पेट्रोल 109 रुपए पार, ट्रांसपोर्ट से लेकर रसोई तक बढ़ेगा खर्च

भोपाल। मध्य प्रदेश में महंगाई ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने के बाद अब पेट्रोल और डीजल भी महंगे हो गए हैं। तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में 3.14 रुपए और डीजल में 3.11 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है। नई कीमतें देर रात से लागू हो गई हैं। राजधानी भोपाल में पेट्रोल 109.70 रुपए प्रति लीटर और डीजल 94.98 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है।

ईंधन के दाम बढ़ने से अब इसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ने वाला है। रोजाना वाहन चलाने वाले, ऑटो-टैक्सी चालक और ट्रांसपोर्ट कारोबारियों का खर्च बढ़ेगा। माल ढुलाई महंगी होने से सब्जियां, दूध, किराना समेत कई जरूरी सामानों की कीमतों में भी बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है।

केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी पहले ही संकेत दे चुके थे कि कीमतें नहीं बढ़ने पर तेल कंपनियों का घाटा लगातार बढ़ सकता है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम में लोगों से पेट्रोल, डीजल और गैस का जरूरत के हिसाब से इस्तेमाल करने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव और वैश्विक हालात को देखते हुए ईंधन की खपत कम करना समय की जरूरत है। पीएम मोदी ने पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाने, कार पूलिंग करने और जहां संभव हो वहां वर्क फ्रॉम होम जैसी व्यवस्था शुरू करने की सलाह भी दी थी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts