देशव्यापार

Petrol-Diesel Price Hike: पेट्रोल 3.14 और डीजल 3.11 रुपए महंगा, देशभर में बढ़े ईंधन के दाम

देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ा इजाफा हुआ है। पेट्रोल 3.14 रुपए और डीजल 3.11 रुपए प्रति लीटर महंगा हो गया है। कीमतों में बढ़ोतरी के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल करीब 97.91 रुपए और डीजल 90.78 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है। ईंधन के दाम बढ़ने से अब रोजमर्रा की चीजों के महंगे होने की आशंका भी बढ़ गई है।

दरअसल, ईरान-अमेरिका युद्ध और अंतरराष्ट्रीय बाजार में उथल-पुथल के चलते कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आया है। कुछ समय पहले तक करीब 70 डॉलर प्रति बैरल बिकने वाला कच्चा तेल अब 126 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया है। इससे सरकारी तेल कंपनियों पर भारी आर्थिक दबाव बढ़ गया था। बताया जा रहा है कि कंपनियों को हर दिन करीब एक हजार करोड़ रुपए तक का नुकसान हो रहा था।

करीब चार साल तक पेट्रोल-डीजल की कीमतों में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ था, लेकिन अब तेल कंपनियों ने दाम बढ़ाने का फैसला लिया है। दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपए से बढ़कर लगभग 97.77 रुपए प्रति लीटर हो गई है, जबकि डीजल 87.67 रुपए से बढ़कर करीब 90.67 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है।

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण ईंधन आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसका असर अब भारतीय बाजार में भी दिखाई देने लगा है। सरकार लंबे समय तक कीमतों को स्थिर रखने की कोशिश करती रही, लेकिन लगातार बढ़ते नुकसान के बाद आखिरकार दाम बढ़ाने पड़े।

इससे पहले पीएम मोदी ने विदेशी मुद्रा बचाने के लिए लोगों से ईंधन का विवेकपूर्ण इस्तेमाल करने, सोने की खरीद टालने और विदेश यात्रा स्थगित करने की अपील की थी। वहीं, डॉलर के मुकाबले रुपये में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है और इसकी कीमत 95 के नीचे पहुंच गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts