नेपाल में दो गैंडों की जबरदस्त लड़ाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह खौफनाक नजारा चितवन नेशनल पार्क से सटे सौराहा शहर का बताया जा रहा है, जहां बीच सड़क पर दो विशालकाय गैंडे आमने-सामने भिड़ गए।
वीडियो देखकर लोग हैरान रह गए हैं। कई यूजर्स का कहना है, “ये सिर्फ नेपाल में ही मुमकिन है।”
वायरल क्लिप की शुरुआत में एक गैंडा सड़क किनारे चाट की दुकान के पास आराम से घूमता नजर आता है। कुछ ही सेकेंड बाद माहौल अचानक बदल जाता है और दूसरा गैंडा उसके पीछे गुस्से में दौड़ पड़ता है। इसके बाद दोनों के बीच सड़क पर ही जबरदस्त भिड़ंत शुरू हो जाती है।
भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि एक मौके पर एक गैंडे ने अपनी ताकत के जोर पर दूसरे को सिर से हवा में ही उठा दिया। इस भयावह मंजर को देखकर वहां मौजूद लोग दहशत में आ गए। बैकग्राउंड में उन्हें डर से चीखते हुए सुना जा सकता है।
जहां एक तरफ लोग जान बचाकर भागते नजर आए, वहीं कुछ लोग अपनी जान जोखिम में डालकर मोबाइल फोन से पूरी घटना रिकॉर्ड करते रहे।
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर @sachintha108 नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है, जिसे अब तक लाखों लोग देख चुके हैं। सोशल मीडिया पर यूजर्स इस वीडियो पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।





