अनुष्का शर्मा लंबे समय बाद एक बार फिर स्क्रीन पर नजर आई हैं। एक्ट्रेस हाल ही में एक ज्वैलरी ब्रांड के विज्ञापन में दिखाई दीं, जिसके बाद उनका नया लुक सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। कई फैंस उन्हें पहली नजर में पहचान ही नहीं पाए।
अनुष्का पिछले कई सालों से फिल्मों से दूरी बनाए हुए हैं। उन्हें आखिरी बार फिल्म जीरो में शाहरुख खान और कैटरीना कैफ के साथ देखा गया था। इसके बाद उन्होंने फिल्म कला में कैमियो किया था।
साल 2017 में क्रिकेटर विराट कोहली से शादी के बाद अनुष्का ने फिल्मों से दूरी बना ली और मां बनने के बाद वो पर्दे से पूरी तरह से गायब हो गईं। अब अनुष्का ने लंबे समय बाद स्क्रीन पर वापसी की है।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो को लेकर यूजर्स लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, ‘अनुष्का का चेहरा पहले से काफी अलग दिख रहा है। कोई कॉस्मेटिक ट्रीटमेंट कराया है क्या?’ वहीं दूसरे यूजर ने कहा, ‘पहली नजर में उन्हें पहचानना मुश्किल लग रहा था’।
कुछ लोगों ने उनके बदले हुए चेहरे को लेकर सर्जरी की अटकलें भी लगाईं, जबकि फैंस ने उनका समर्थन करते हुए खुशी जाहिर की। एक फैन ने लिखा, ‘हम इस कमबैक का इंतजार कर रहे थे।’ वहीं दूसरे ने कहा, ‘मजा आ गया एड देखकर, अब जल्द फिल्मों में आ जाओ।’
वर्क फ्रंट की बात करें तो अनुष्का पिछले लंबे समय से फिल्म ‘चकदा एक्सप्रेस’ को लेकर चर्चा में हैं। साल 2022 में इस फिल्म की शूटिंग कंप्लीट हुई, जिसके बाद 2023 में फिल्म का पोस्ट प्रोडक्शन शुरू हो गया था, लेकिन अब भी फिल्म रिलीज नहीं हुई है। प्रोसित रॉय फिल्म के डायरेक्टर हैं। इस फिल्म की कहानी भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व तेज गेंदबाज और कप्तान झूलन गोस्वामी के जीवन पर आधारित फिल्म है।





