खेलछत्तीसगढ़

IPL 2026: RCB vs KKR मैच से पहले रायपुर में बदला मौसम, बारिश ने बढ़ाई फैंस की टेंशन

रायपुर। आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच होने वाले मुकाबले से पहले रायपुर का मौसम अचानक बदल गया है। दोपहर बाद से शहर में रुक-रुककर बारिश हो रही है, जिससे मैच पर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है।

आज शाम शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में RCB और KKR के बीच अहम मुकाबला खेला जाना है। प्लेऑफ की रेस को देखते हुए यह मैच दोनों टीमों के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में मुकाबले से पहले हुई बारिश ने क्रिकेट फैंस की चिंता बढ़ा दी है।

मौसम विभाग ने पहले ही 13 मई को रायपुर में आंधी-तूफान और बारिश की संभावना जताई थी। पिछले कुछ दिनों से शाम के वक्त मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा था और मंगलवार को भी शहर में बादल छाए रहे। अब मैच से पहले हुई बारिश ने विभाग की चेतावनी को सही साबित कर दिया है।

हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि बारिश कितनी देर तक जारी रहेगी और मैच पर इसका कितना असर पड़ेगा। अगर मुकाबले के दौरान बारिश जारी रहती है, तो ओवर कम होने या मैच रुकने जैसी स्थिति बन सकती है।

मंगलवार को दोनों टीमों ने रायपुर स्टेडियम में जमकर अभ्यास किया था। खिलाड़ियों ने खास तौर पर बल्लेबाजी और डेथ ओवर गेंदबाजी पर फोकस किया।

वहीं विराट कोहली को लेकर फैंस में खास उत्साह है। पिछले मुकाबले में मुंबई इंडियंस के खिलाफ वह बिना खाता खोले आउट हो गए थे, ऐसे में समर्थकों को इस मैच में उनसे बड़ी पारी की उम्मीद है।

गौरतलब है कि रायपुर इस सीजन में RCB का दूसरा होम ग्राउंड बना हुआ है। टीम ने यहां 10 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में 2 विकेट से जीत दर्ज की थी। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि मौसम के बीच यह मुकाबला बिना रुकावट पूरा हो पाता है या नहीं।

 

 

 

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts