दुर्ग। दुर्ग जिले के खपरी गांव में मंगलवार को हुए सिलेंडर ब्लास्ट का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो बहनें, उनके पिता और डेढ़ साल की मासूम बच्ची शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि, बिजली खंभे में शॉर्ट सर्किट से मकान में आग लगी। खंभे के नीचे घर के प्लास्टिक और तिरपाल से बने छपर में लगी आग फैलते हुए किचन तक जा पहुंची, जिससे गैस सिलेंडर फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि आग की लपटों ने पूरे मकान को चपेट में ले लिया। घर के अंदर मौजूद परिवार के सदस्य बाहर निकल नहीं सके और जिंदा जल गए।
सीसीटीवी फुटेज में आग तेजी से फैलती और धमाके के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दे रहा है। आग इतनी तेजी से फैली कि घर के अंदर मौजूद लोग बाहर नहीं निकल सके।
हादसे के वक्त घर में चांदनी वैष्णव (18), लक्ष्मी वैष्णव (20), उनके पिता अनिल वैष्णव (45) और डेढ़ साल की गोपिका वैष्णव मौजूद थे। चारों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। घटना के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
बताया गया कि अनिल वैष्णव की पत्नी, बेटा और एक बेटी उस समय घर के बाहर थे, जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि बाहर मौजूद बेटी की डेढ़ साल की बच्ची घर के अंदर थी, जिसकी आग में झुलसकर मौत हो गई।
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घर के अंदर से 4 लोगों के शव बरामद किए गए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही सांसद विजय बघेल, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की विशेष सहायता राशि देने की घोषणा की है। यह राशि शासन की ओर से मिलने वाली 4-4 लाख रुपये की सहायता के अतिरिक्त होगी। साथ ही जिला प्रशासन को घटना की विस्तृत जांच और प्रभावित परिवार की हर संभव मदद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।





