भोपाल। मध्य प्रदेश में बारिश के बाद मौसम ने फिर करवट ली है और अब तेज गर्मी लोगों को परेशान करने लगी है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने और कई इलाकों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। राजस्थान और गुजरात की ओर से आ रही गर्म हवाओं की वजह से प्रदेश में गर्मी का असर तेजी से बढ़ रहा है। अगले दो दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार इंदौर और उज्जैन संभाग में भीषण गर्मी का असर देखने को मिलेगा। मंगलवार से इन इलाकों में लू चलने की संभावना जताई गई है। वहीं महाकौशल क्षेत्र के मंडला, सिवनी और छिंदवाड़ा जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।
प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान रतलाम में दर्ज किया गया, जहां पारा 45.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा रायसेन, नरसिंहपुर, सागर और गुना में भी तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहा। बड़े शहरों की बात करें तो उज्जैन सबसे गर्म रहा, जहां 42.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
प्रदेश के अन्य शहरों में शाजापुर में 44 डिग्री, धार में 42.4 डिग्री, खंडवा में 42.1 डिग्री और नर्मदापुरम में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। राजधानी भोपाल में पारा 40.4 डिग्री, इंदौर में 41.9 डिग्री, ग्वालियर में 38.4 डिग्री और जबलपुर में 38.9 डिग्री सेल्सियस रहा।





