अपनी मधुर आवाज से लाखों दिलों पर राज करने वाली श्रेया घोषाल ने हाल ही में अपने गानों को लेकर अपनी खास सोच साझा की है। ‘ऑल हार्ट्स टूर’ लाइव एल्बम के प्रमोशन के दौरान उन्होंने बताया कि उनके लिए गाना सिर्फ सुर और शब्द नहीं, बल्कि एक एहसास और तस्वीरों की तरह होता है।
संगीत सिर्फ आवाज नहीं, एहसास है…
आईएएनएस से बातचीत में श्रेया घोषाल ने कहा, ‘मेरी याददाश्त काफी फोटोग्राफिक है। मैं चीजों को तस्वीरों के रूप में याद रखती हूं. जब भी मैं कोई गाना गाती हूं, तो मेरे दिमाग में उससे जुड़ी तस्वीरें बनने लगती हैं। किसी गाने का एक हिस्सा मुझे किसी खास रंग की तरह महसूस होता है, तो किसी गाने का माहौल मुझे किसी सीन की याद दिलाता है। कभी-कभी किसी बीच में मुझे पीले-नीले रंगों की झलक महसूस होती है। मेरे लिए संगीत सिर्फ आवाज नहीं, बल्कि एक गहरा अहसास है।’
इंटरनेट पर पढ़कर समझ आया ये एहसास
उन्होंने कहा, ‘मैंने हाल ही में इंटरनेट पर इस बारे में पढ़ा कि क्या सच में लोगों को संगीत सुनते समय रंग और तस्वीरें महसूस होती हैं। तब मुझे पता चला कि कुछ लोगों के दिमाग में ऐसा एहसास होता है। मेरे लिए यह तरीका काफी मददगार साबित हुआ इससे मैं गाने की फीलिंग को ज्यादा अच्छे से समझ पाती हूं और उसी एहसास के साथ गाती हूं।’
आगे उन्होंने बताया, ‘फिल्मों के लिए गाना गाते समय मैं अपने दिमाग में पूरा सीन सोचती हूं कि स्क्रीन पर क्या चल रहा होगा। कलाकार किस तरह परफॉर्म कर रहे होंगे और गाने का माहौल कैसा होगा। अगर कोई डुएट गाना होता है, तो मैं उसमें सवाल-जवाब की फीलिंग को भी महसूस करती हूं। जब गायक सिर्फ गाना ही नहीं गाता, बल्कि उसे महसूस करके गाता है, तभी वो लोगों के दिल तक पहुंचता है।’
बिना जाने भी बना लेती हैं किरदार
श्रेया घोषाल ने कहा, ‘कई बार मुझे यह तक नहीं पता होता कि गाना किस एक्टर या एक्ट्रेस पर फिल्माया जाएगा, लेकिन फिर भी मैं अपने दिमाग में एक किरदार और पूरा सीन बना लेती हूं। यही सोच मेरी आवाज में और ज्यादा फीलिंग डालती है। लाइव शो के दौरान भी यही चीज मेरे काम आती है। जब मैं स्टेज पर गाती हूं, तो मेरे चेहरे के एक्सप्रेशन और आवाज दोनों में वही एहसास दिखता है, जो गाने में होता है।’
संगीत को भगवान का तोहफा मानती हैं
श्रेया घोषाल ने संगीत को एक दिव्य कला बताते हुए कहा, ‘संगीत सिर्फ मनोरंजन का जरिया नहीं है, बल्कि यह भगवान का दिया हुआ एक खास तोहफा है। संगीत हर इंसान को अलग तरीके से जोड़ता है और यही इसकी सबसे खूबसूरत बात है।’
आपको बता दें कि उनका ‘ऑल हार्ट्स टूर’ लाइव एल्बम हाल ही में रिलीज हुआ है, जिसे सोनी म्यूजिक इंडिया के लेबल के तहत जारी किया गया है।





