प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत देशभर के करोड़ों किसान अब 23वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं। केंद्र सरकार की इस योजना के जरिए किसानों को हर साल 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाती है। तीन किस्तों में मिलने वाली यह राशि किसानों के लिए बड़ी मदद साबित हो रही है।
हाल ही में योजना के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कई अहम जानकारियां साझा की गई हैं। इनमें अब तक किसानों को दी गई सहायता राशि, लाभार्थियों की संख्या और डिजिटल सुविधाओं के विस्तार से जुड़ी जानकारी शामिल है।
वहीं, 23वीं किस्त की तारीख को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन पिछले रुझानों के आधार पर इसके जून से अगस्त के बीच जारी होने की संभावना जताई जा रही है।
इस बीच सरकार ने नए किसानों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए फॉर्मर आईडी को अनिवार्य कर दिया है, जिससे योजना का लाभ सही पात्रों तक पहुंचे।
योजना के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के अनुसार अब तक 22 किस्तों के जरिए किसानों को 4.28 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की सहायता राशि दी जा चुकी है। इसमें 2.17 करोड़ से अधिक महिला किसानों को भी लाभ मिला है, जिनके खातों में 1.10 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि ट्रांसफर की गई है।
सरकार ने PM-Kisan पोर्टल को किसानों के लिए एक वन-स्टॉप समाधान के रूप में विकसित किया है। यहां किसान पंजीकरण, भुगतान की स्थिति और अन्य जरूरी जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकते हैं, जिससे प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुविधा बढ़ी है।
इसके साथ ही नए किसानों के लिए फॉर्मर आईडी को अनिवार्य कर दिया गया है। सरकार का कहना है कि इससे यह सुनिश्चित होगा कि योजना का लाभ केवल पात्र किसानों तक ही पहुंचे और किसी तरह की गड़बड़ी की संभावना कम हो।
सरकार ने किसानों से अपील की है कि वे योजना से जुड़ी हर नई जानकारी और अपडेट के लिए आधिकारिक पोर्टल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नजर बनाए रखें।





