रायपुर में होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग 2026 मुकाबलों को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 10 और 13 मई को होने वाले मैचों के लिए सुरक्षा, ट्रैफिक और दर्शकों की सुविधाओं को लेकर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य सचिव विकासशील ने अधिकारियों को आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि “हजारों दर्शकों की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी।”
10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला खेला जाएगा। वहीं 13 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा।
ऑनलाइन टिकट बुकिंग के बाद बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों के रायपुर पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस विभाग को विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। स्टेडियम और पार्किंग क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। बैरिकेडिंग और पार्किंग व्यवस्था पुलिस, एनआरडीए और बीसीसीआई की संयुक्त टीम संभालेगी।
आपातकालीन सेवाओं को लेकर भी प्रशासन सतर्क है। फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस के लिए अलग इमरजेंसी रूट तैयार किए जाएंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता पहुंचाई जा सके। आयोजन की निगरानी के लिए कलेक्टर की अध्यक्षता में विशेष कार्यकारिणी भी बनाई गई है।
इसके अलावा दर्शकों की सुविधा के लिए पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं। बिजली विभाग को निर्बाध बिजली सप्लाई बनाए रखने और पीएचई विभाग को पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। प्रशासन का दावा है कि आईपीएल मैचों को लेकर सभी जरूरी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।





