मनोरंजन

कंगना रनौत की ‘भारत भाग्य विधाता’ की रिलीज डेट आउट, दिलजीत दोसांझ की फिल्म से होगी सीधी टक्कर

एक्ट्रेस-पॉलिटिशियन कंगना रनौत ने अपनी आगामी फिल्म भारत भाग्य विधाता की रिलीज डेट का एलान कर दिया है। फिल्म का नया पोस्टर भी सामने आया है। यह फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और बॉक्स ऑफिस पर इसकी सीधी टक्कर एक्टर-सिंगर दिलजीत दोसांझ की फिल्म मैं वापस आऊंगा से होगी।

कंगना रनौत ने पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, “आम लोगों की असाधारण कहानी, उस रात की कहानी, जब इंसानियत डर से कहीं ज्यादा बड़ी साबित हुई। जब जिम्मेदारी ही बलिदान बन गई। जब एकता ही फर्ज बन गई और हिम्मत ने जानें बचाईं। भारत के असली नायकों की अनकही कहानी।”

फिल्म की कहानी उन गुमनाम लोगों पर आधारित है, जिन्होंने कठिन समय में अपनी जिम्मेदारियों को राष्ट्र सेवा में बदल दिया। इसमें अस्पताल के स्टाफ जैसे नर्सें, वार्ड बॉय, सफाई कर्मचारी, लिफ्ट ऑपरेटर, सुरक्षा गार्ड और प्रशासनिक कर्मचारियों की बहादुरी को दिखाया गया है।

सच्ची घटनाओं से प्रेरित यह फिल्म 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के दौरान अस्पताल कर्मचारियों द्वारा 400 लोगों की जान बचाने की घटना पर आधारित है। पोस्टर में “मुंबई पर हमला” और “मुंबई के अस्पताल हाई अलर्ट पर” जैसी हेडलाइंस भी दिखाई गई हैं।

भारत भाग्य विधाता का निर्माण पेन स्टूडियोज, मणिकर्णिका फिल्म्स और परमहंस क्रिएशन्स ने यूनोइया फिल्म्स एलएलपी और फ्लोटिंग रॉक्स एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से किया है। फिल्म में कंगना रनौत के साथ गिरिजा ओक, स्मिता तांबे, अमृता नामदेव, ईशा डे, प्रिया बेर्डे, आशा शेलार, सुहिता थट्टे, रसिका अघासे, आदित्य मिश्रा और जाहिद खान नजर आएंगे।

वहीं, मैं वापस आऊंगा को इम्तियाज अली ने डायरेक्ट किया है। फिल्म में वेदांग रैना और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts