बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी एक बार फिर अपने खास अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। इंटरनेशनल डांस डे के मौके पर उन्होंने सोशल मीडिया पर एक मजेदार डांस वीडियो शेयर किया, जिसमें उनका जबरदस्त एनर्जी से भरा अंदाज नजर आया।
वीडियो में शिल्पा पूरे जोश के साथ डांस करती दिख रही हैं। क्लिप में एक सवाल दिखाया गया, “उम्र बढ़ रही है, कब तक ऐसे मटकती रहोगी?” जिस पर वह मजेदार जवाब देती हैं, “मटकूंगी, जब तक मन करेगा तब तक मटकूंगी।”
इस वीडियो के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, “मटकने की कोई एक्सपायरी डेट नहीं होती। हर दिन को डांस डे की तरह जियो और खुशी के साथ थिरको, जिंदगी को नाचते-गाते जीओ।”
उनका यह बेफिक्र और कॉन्फिडेंट अंदाज फैंस को खूब पसंद आ रहा है। वीडियो पर कई सेलेब्स ने भी रिएक्शन दिया। उनकी बहन शमिता शेट्टी ने कमेंट किया, “सो क्यूट.” वहीं भूमि पेडनेकर ने दिल वाले इमोजी शेयर किए।
गौरतलब है कि शिल्पा शेट्टी बॉलीवुड की बेहतरीन डांसर्स में गिनी जाती हैं। वह अपने ग्रेसफुल मूव्स और शानदार डांस स्टाइल के लिए जानी जाती हैं, साथ ही ‘सुपर डांसर’ जैसे शो में जज के तौर पर भी नजर आ चुकी हैं।





