छत्तीसगढ़ के मध्य हिस्से में गर्मी का असर तेजी से बढ़ने लगा है और आने वाले 24 घंटों में कई इलाकों में लू जैसे हालात बनने की संभावना जताई गई है। मंगलवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान रायपुर में दर्ज किया गया, जहां पारा 41.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग में गर्मी का असर ज्यादा देखा जा रहा है, जहां लोगों को 40 डिग्री से अधिक तापमान का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि बस्तर और सरगुजा संभाग अभी गर्मी से कुछ हद तक बचे हुए हैं, लेकिन माह के अंत तक वहां भी असर बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम से आ रही गर्म हवाओं के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पिछले 24 घंटों में भी पारा ऊपर की ओर गया है और आने वाले समय में इसमें और वृद्धि होने की संभावना है। मध्य छत्तीसगढ़ में औसत तापमान सामान्य से 1 से 2 डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है।
मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया,
“एक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका दक्षिणी असम से दक्षिण तमिलनाडु तक, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और अंदरूनी कर्नाटक होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है। दूसरा उत्तर-दक्षिण द्रोणिका 89 डिग्री पूर्व में 1.5 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित है। एक प्रति चक्रवात कर्नाटक और महाराष्ट्र के ऊपर 3.1 से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।”
उन्होंने आगे बताया कि इन मौसम प्रणालियों के कारण 15 अप्रैल को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है और गर्म हवाओं के चलते अधिकतम तापमान में लगातार वृद्धि हो सकती है। आज से एक-दो क्षेत्रों में लू जैसी स्थिति बनने की आशंका भी जताई गई है।
रायपुर में 15 अप्रैल को मौसम मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान लगभग 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।





