मध्यप्रदेश

एमपी बोर्ड रिजल्ट 2026 जारी: 10वीं में प्रतिभा सोलंकी और 12वीं में खुशी राय टॉपर, जानें पूरी डिटेल

भोपाल। एमपी बोर्ड रिजल्ट 2026 : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। 10वीं कक्षा में पन्ना जिले की सरस्वती स्कूल की प्रतिभा सोलंकी ने टॉप किया है। उन्होंने 500 में से 499 अंक प्राप्त किए हैं। वहीं 12वीं कक्षा में कॉमर्स ग्रुप की खुशी राय टॉपर बनी हैं। उनके साथ चांदनी विश्वकर्मा भी प्रथम स्थान पर रहीं, दोनों को 494 अंक मिले हैं।

12वीं में विभिन्न ग्रुपों के टॉपर्स भी सामने आए हैं। आर्ट ग्रुप में मुरैना की श्रुति तोमर और छतरपुर के आकाश अहिरवार ने टॉप किया, दोनों के 489 अंक आए हैं। गणित ग्रुप में सीहोर के श्लोक प्रजापति ने 493 अंक हासिल किए।

कॉमर्स ग्रुप में भोपाल की चांदनी विश्वकर्मा और खुशी राय ने 494 अंकों के साथ टॉप किया। कृषि ग्रुप में शिवपुरी की तुलसी राजावत और चंचल कुशवाह ने 493 अंक प्राप्त किए। होम साइंस में छतरपुर की शाइस्ताह कुरैशी ने 485 अंक के साथ टॉप किया, जबकि जीव विज्ञान में इंदौर की तन्वी कुमावत ने 492 अंक हासिल किए।

इस वर्ष हायर सेकेंडरी परीक्षा 10 फरवरी से 7 मार्च 2026 तक आयोजित की गई थी, जिसमें कुल 6 लाख 89 हजार 746 विद्यार्थी शामिल हुए। इनमें 6 लाख 13 हजार 634 रेगुलर और 76 हजार 112 प्राइवेट छात्र शामिल थे।

रिजल्ट में इस बार 76.01 प्रतिशत रेगुलर परीक्षार्थी सफल हुए हैं, जबकि प्राइवेट परीक्षार्थियों का पास प्रतिशत 30.60 रहा। यह परिणाम पिछले 16 वर्षों में सबसे बेहतर बताया जा रहा है। रेगुलर छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 72.39 और छात्राओं का 75.41 प्रतिशत रहा। सरकारी स्कूलों का पास प्रतिशत 80.43 और प्राइवेट स्कूलों का 69.6 प्रतिशत दर्ज किया गया।

मेरिट लिस्ट में कुल 221 विद्यार्थियों को स्थान मिला है, जिनमें 158 छात्राएं और 63 छात्र शामिल हैं। इस बार भी मेरिट में छात्राओं की संख्या अधिक रही। सबसे अधिक पास प्रतिशत झाबुआ जिले का 93.23 प्रतिशत और उसके बाद अनूपपुर का 93.04 प्रतिशत रहा। इस वर्ष किसी भी छात्र को पूरक घोषित नहीं किया गया है, जबकि 1 लाख 99 हजार 599 विद्यार्थी अनुत्तीर्ण हुए हैं।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत इस बार पूरक परीक्षा के स्थान पर द्वितीय अवसर परीक्षा का प्रावधान किया गया है। मुख्य परीक्षा में असफल, अनुपस्थित या अंक सुधार चाहने वाले विद्यार्थी 7 मई 2026 से होने वाली इस परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। इस साल कुल 71 नकल प्रकरण भी दर्ज किए गए हैं।

छात्र अपना परिणाम एमपी बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट्स पर देख सकेंगे।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts