बादशाहपुर। गैस की किल्लत और सिलेंडर डिलीवरी में देरी की समस्या को देखते हुए भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) ने एक नई सुविधा शुरू की है। कंपनी ने अपने पंजीकृत उपभोक्ताओं के लिए सेंट्रल पार्क फ्लावर वैली, सेक्टर-33 सोहना में भारत गैस इंस्टा LPG वेंडिंग मशीन की शुरुआत की है।
इस मशीन की मदद से ग्राहक अब 24 घंटे कभी भी गैस सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं और महज 2-3 मिनट में भरा हुआ सिलेंडर ले सकते हैं। यह अत्याधुनिक मशीन 10 किलोग्राम के कंपोजिट एलपीजी सिलिंडर उपलब्ध कराती है। जो हल्के, जंग-रोधी और पारदर्शी होते हैं। इससे उपभोक्ता आसानी से गैस का स्तर देख सकते हैं।
यह सिस्टम खासतौर पर उन ग्राहकों के लिए डिजाइन किया गया है जिनके पास पहले से पंजीकृत भारत गैस कंपोजिट कनेक्शन है। वे खाली सिलिंडर के बदले तुरंत भरा सिलिंडर ले सकते हैं।
कैसे काम करती है मशीन?
पूरी प्रक्रिया डिजिटल और सुरक्षित है। उपभोक्ता को सबसे पहले अपना मोबाइल नंबर दर्ज करना होता है, फिर OTP के जरिए वेरिफिकेशन किया जाता है। इसके बाद खाली सिलेंडर का बारकोड या QR कोड स्कैन किया जाता है। सिस्टम पात्रता जांचने के बाद UPI या कार्ड से भुगतान स्वीकार करता है और तुरंत भरा हुआ सिलेंडर मिल जाता है, जबकि खाली सिलेंडर वहीं जमा हो जाता है।
इस सुविधा के शुरू होने के बाद सोसायटी के लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। 24×7 उपलब्धता और तेज सेवा के कारण इसका उपयोग लगातार बढ़ रहा है। खासकर छोटे परिवारों और कामकाजी लोगों के लिए यह काफी फायदेमंद साबित हो रहा है, क्योंकि अब उन्हें गैस डिलीवरी का इंतजार नहीं करना पड़ता।
बीपीसीएल के सेल्स मैनेजर शशिकांत भगत का कहना है कि उत्तर भारत में फ्लावर वैली सोसायटी में पहली बार पायलट प्रोजेक्ट के तहत मशीन लगाई गई है। देशभर में इस तरह की मशीनें अभी चार-पांच बड़े शहरों में ही लगाई गई है।
इस मशीन में एक समय में 9 भरे और 9 खाली सिलेंडर रखने की क्षमता है। इंस्टा एलपीजी वेंडिंग मशीन ग्राहकों को तेज, सुरक्षित और सहज रिफिल अनुभव देने की कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। टेक्नोलाजी के जरिए ऊर्जा वितरण को अधिक सुलभ और कुशल बनाने की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं।





