देश

दिल्ली के पालम में भीषण आग: इमारत में 9 लोगों की जिंदा जलकर मौत, 30 दमकल गाड़ियां मौके पर

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां चार मंजिला इमारत में लगी भीषण आग में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, आग की शुरुआत ग्राउंड फ्लोर पर स्थित एक कॉस्मेटिक दुकान से हुई और देखते ही देखते यह तेजी से ऊपर की मंजिलों तक फैल गई।

इमारत में 18 लोग थे मौजूद

बताया जा रहा है कि घटना के समय इमारत में करीब 18 लोग मौजूद थे। आग लगने के बाद कुछ लोगों ने ऊपर से कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन बाहर निकलने का एकमात्र रास्ता आग की चपेट में आने के कारण कई लोग अंदर ही फंस गए।

दमकल की 30 गाड़ियां पहुंचीं मौके पर

दमकल विभाग के मुताबिक, पालम मेट्रो स्टेशन के पास गली नंबर 2 में स्थित एक इमारत में आग लगने की सूचना सुबह करीब 7 बजे मिली थी।

दमकल विभाग ने बताया, “पालम मेट्रो स्टेशन के पास की गली नंबर 2 में एक बिल्डिंग के एक घर में आग लगने की कॉल मिली थी जिसमें कुछ लोग फसने की आशंका भी थी। दमकल की 30 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया है आग बुझाने और रेस्क्यू का काम किया जा रहा है। सुबह 7 बजे दमकल को कॉल मिली, आग बुझाने का काम जारी है।”

सीएम ने दिए जांच के आदेश

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटना का संज्ञान लेते हुए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने X पर लिखा,
“पालम में इमारत में लगी दुर्भाग्यपूर्ण आग की घटना के बारे में जानकर बेहद व्यथित हूं। कुछ लोग अभी भी इमारत के अंदर फंसे हुए हैं। जिला प्रशासन, दिल्ली अग्निशमन सेवा विभाग और दिल्ली पुलिस बचाव अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं। घटना की जांच के लिए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए गए हैं। सभी की सुरक्षा के लिए प्रार्थना।”

पीएम मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर गहरा दुख जताया है और मुआवजे का ऐलान किया है।

उन्होंने कहा,
“दिल्ली के पालम में आग लगने की घटना दुखद है। मैं उन लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। घायल जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। प्रत्येक मृतक के परिजनों को PMNRF फंड से 2 लाख रुपये की की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, घायलों को 50,000 रुपये दिये जायेंगे।”

प्रशासन घटना के कारणों की जांच में जुटा हुआ है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts