इंदौर। शहर के चर्चित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ‘ओए इंदौरी’ उर्फ रॉबिन जिंदल एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। इस बार मामला ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन से जुड़ा है। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह सड़क पर खतरनाक स्टंट करते हुए नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो में रॉबिन जिंदल बिना हेलमेट के बुलेट बाइक चलाते दिखाई दे रहे हैं। इतना ही नहीं, वीडियो में वह बाइक की टंकी पर बैठकर वाहन चलाते नजर आते हैं, जो बेहद खतरनाक है। इसके बाद फिल्मी अंदाज में एक युवती को भी बाइक की टंकी पर बैठाकर बाइक चलाते हुए दिख रहे हैं। बताया जा रहा है कि जिस बुलेट बाइक को वह चला रहे थे, उस पर नंबर प्लेट भी नहीं थी।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इस पर नाराजगी जाहिर की है। लोगों का कहना है कि जिन सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को लाखों लोग फॉलो करते हैं, उन्हें ट्रैफिक नियमों का पालन करते हुए दूसरों के लिए अच्छा उदाहरण पेश करना चाहिए।
गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब ओए इंदौरी विवादों में आए हों। इससे पहले भी उन पर एक महिला ने शादी का झांसा देकर शोषण करने का आरोप लगाया था, हालांकि बाद में अदालत ने उन्हें इस मामले में बरी कर दिया था। इसके अलावा कुछ समय पहले उन्होंने नगर निगम के खिलाफ एक वीडियो बनाया था, जिसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल भी किया गया था।





