देश

रेलवे में हैरान करने वाला मामला: छुट्टी के लिए लोको पायलट को पैंट उतारकर दिखाना पड़ा जख्म, रेलवे ने बनाई जांच कमेटी

उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में एक लोको पायलट के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। मेडिकल लीव बढ़ाने की मांग करने पर एक अधिकारी के सामने लोको पायलट को अपने अंतवस्त्र उतारकर सर्जरी का जख्म दिखाना पड़ा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन ने इसकी जांच के आदेश दे दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक लोको पायलट राजेश मीणा को पाइल्स (बवासीर) की समस्या थी और उन्होंने 22 फरवरी को इसका ऑपरेशन कराया था। सर्जरी के बाद उन्हें 28 फरवरी तक की मेडिकल छुट्टी दी गई थी, लेकिन छह दिन बाद भी उनका घाव पूरी तरह ठीक नहीं हुआ था।

सर्जरी का प्रमाण दिखाने के लिए कहा गया
बताया जा रहा है कि जब उन्होंने छुट्टी बढ़ाने के लिए अपने मुख्य क्रू कंट्रोलर से अनुरोध किया, तो उनसे सर्जरी का प्रमाण दिखाने के लिए कहा गया। आरोप है कि इसी दौरान उन्हें अपने अंतवस्त्र उतारकर जख्म दिखाने पड़े। वहां मौजूद कुछ कर्मचारियों ने इस घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

यूनियन ने उठाया मामला
ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन (AILRSA) के पदाधिकारियों का कहना है कि अनुसूचित जनजाति समुदाय से आने वाले लोको पायलट राजेश मीणा ने मजबूरी में ऐसा किया। आरोप है कि इसके बावजूद भी चीफ क्रू कंट्रोलर रतन कुमार ने उन्हें अतिरिक्त आराम के लिए छुट्टी देने से इनकार कर दिया।

बाद में मीणा ने अपने समुदाय के एक यूनियन नेता के माध्यम से वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क किया, जिसके बाद उन्हें अतिरिक्त आराम की छुट्टी दे दी गई।

वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ा विवाद
सहकर्मियों द्वारा रिकॉर्ड किया गया यह वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया। वीडियो में मीणा और उनके साथी मेडिकल लीव को लेकर अधिकारी से बहस करते नजर आ रहे हैं। इस घटना को लेकर कर्मचारियों और सोशल मीडिया यूजर्स में नाराजगी भी देखने को मिल रही है।

रेलवे ने गठित की जांच कमेटी
मामला सामने आने के बाद उत्तर रेलवे प्रशासन ने तीन अधिकारियों की जांच कमेटी गठित कर दी है। बताया जा रहा है कि लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन ने इस घटना का वीडियो डीआरएम सुनील कुमार वर्मा को भी भेजा था।

प्रारंभिक स्तर पर कार्रवाई न होने के बाद यह वीडियो देशभर में साझा किया गया। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक जांच कमेटी पूरे मामले की जांच कर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts