रायपुर। राजधानी के उरला थाना क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बदमाश ने पेट्रोल डालने के दौरान दोपहिया वाहन में आग लगा दी। घटना से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, लेकिन कर्मचारियों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि एक युवक अपनी बाइक में पेट्रोल भरवा रहा था। इसी दौरान पास में खड़ा एक अन्य युवक सिगरेट पी रहा था तो उसे दूर हटने के लिए कहा, जिससे नाराज होकर उसने अचानक बाइक में आग लगा दी। आग की लपटें उठते ही वहां मौजूद लोग घबरा गए।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने तुरंत अग्निशमन उपकरणों का इस्तेमाल कर आग पर काबू पा लिया। अगर समय रहते आग नहीं बुझाई जाती, तो पंप परिसर में खड़े अन्य वाहनों और पूरे पेट्रोल पंप को भारी नुकसान हो सकता था।
पूरी घटना पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।





