नई दिल्ली: दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने राजधानी के लाखों परिवारों को बड़ी राहत देने का ऐलान किया है। सरकार ने फैसला किया है कि इस साल होली और दिवाली के मौके पर जरूरतमंद परिवारों को मुफ्त एलपीजी सिलेंडर दिया जाएगा। इस संबंध में कैबिनेट बैठक में प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।
इस योजना के लिए 242 करोड़ रुपये का फंड कैबिनेट में पास कर दिया गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह वही वादा है, जो भाजपा ने चुनाव के दौरान जनता से किया था और अब सरकार अपने एक साल पूरे होने पर उसे पूरा कर रही है।
योजना के तहत राशन कार्ड धारक परिवारों के बैंक खाते में एक सिलेंडर का पैसा 853 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। यही राशि पाइपलाइन गैस का उपयोग करने वाले को भी दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस होली पर ही लाभार्थियों को यह राशि मिलना शुरू हो जाएगी।
इस योजना से करीब 17.5 लाख राशन कार्ड धारक परिवारों को फायदा पहुंचेगा। दिल्ली सरकार ने कहा है कि इस योजना का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि त्योहारों के दौरान किसी भी परिवार को रसोई गैस की कमी के कारण परेशानी न उठानी पड़े। सरकार आगे भी जनहित में इसी तरह की कल्याणकारी योजनाएं लाती रहेगी।





