केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा पलटवार किया है। रिजिजू ने कहा कि सरकार की आलोचना करना हर नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन इसके नाम पर भारत की छवि को नुकसान पहुंचाना या देश की उपलब्धियों को कम करके आंकना गलत है।
रिजिजू की यह प्रतिक्रिया टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलॉन मस्क की उस सोशल मीडिया पोस्ट के बाद सामने आई, जिसमें उन्होंने भारत की तेजी से बढ़ती आर्थिक ताकत की ओर इशारा किया था। मस्क ने एक वैश्विक रिपोर्ट साझा करते हुए कहा था कि चीन और भारत मिलकर आने वाले समय में वैश्विक आर्थिक वृद्धि में करीब 43.6 प्रतिशत का योगदान देंगे। उन्होंने इसे बदलते वैश्विक शक्ति संतुलन का संकेत बताया।
एलॉन मस्क के इस बयान का हवाला देते हुए किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि वह आमतौर पर गैर-भारतीयों के बयानों पर प्रतिक्रिया नहीं देते, लेकिन इस मामले में उन्होंने मस्क का उदाहरण सिर्फ इसलिए दिया ताकि राहुल गांधी को यह समझाया जा सके कि सरकार की आलोचना और भारत का अपमान—दो अलग बातें हैं। उन्होंने कहा कि हर भारतीय को देश की उपलब्धियों पर गर्व होना चाहिए।
रिजिजू की टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब राहुल गांधी लगातार भाजपा नेतृत्व वाली सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने पहले भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया था और हाल ही में पेश हुए केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर भी सरकार को घेरा है।
बजट के बाद राहुल गांधी ने कहा था कि इसमें बेरोजगारी, कमजोर होता विनिर्माण क्षेत्र, निवेश में गिरावट, घरेलू बचत कम होने और किसानों की समस्याओं जैसे अहम मुद्दों को नजरअंदाज किया गया है। वहीं, सरकार का कहना है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किया गया यह बजट सुधारों का रोडमैप है और भारत को जल्द दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है।





