मुंबई में पर्यटकों के साथ ठगी का एक मामला सामने आया है। सहार पुलिस ने अमेरिका से भारत घूमने आई एक महिला से धोखाधड़ी करने के आरोप में टैक्सी चालक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ड्राइवर ने एयरपोर्ट से महज 400 मीटर दूर स्थित एक फाइव स्टार होटल तक छोड़ने के लिए महिला से 18,000 रुपये वसूल लिए।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान 50 वर्षीय देशराज यादव के रूप में हुई है। यह घटना 12 जनवरी की है, जब महिला मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंची थी। होटल पास होने के बावजूद ड्राइवर ने उसे सीधे वहां नहीं ले जाकर अंधेरी (पूर्व) इलाके में करीब 20 मिनट तक घुमाया और फिर वापस लाकर उसी होटल के सामने उतार दिया।
महिला ने बताया कि टैक्सी में ड्राइवर के साथ एक और व्यक्ति भी मौजूद था, जिसने ठगी में उसकी मदद की। होटल पहुंचने के बाद ड्राइवर ने 200 डॉलर यानी करीब 18,000 रुपये किराए के रूप में वसूल लिए।
मामला तब सामने आया जब पीड़िता अर्जेंटीना एरियनो ने 26 जनवरी को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी आपबीती साझा की। उसने एक वीडियो पोस्ट कर टैक्सी का रजिस्ट्रेशन नंबर भी बताया। पोस्ट के वायरल होते ही लोगों ने पुलिस को टैग कर कार्रवाई की मांग की।
हालांकि महिला से सीधे संपर्क नहीं हो पाया, लेकिन सहार पुलिस ने 27 जनवरी को खुद संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया। पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर आरोपी ड्राइवर को ट्रैक कर गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि ड्राइवर ने जानबूझकर लंबा रास्ता अपनाकर महिला को ठगा।
पुलिस ने कहा कि मुंबई में पर्यटकों के साथ ठगी के मामलों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। साथ ही विदेशी पर्यटकों से अपील की गई है कि वे मीटर वाली टैक्सी, ऐप आधारित कैब या आधिकारिक प्रीपेड टैक्सी सेवाओं का ही इस्तेमाल करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।





