बांग्लादेश ने भारत के साथ बढ़ते कूटनीतिक तनाव के बीच भारतीय नागरिकों के लिए वीजा सेवाओं पर और पाबंदियां लगा दी हैं। बांग्लादेश सरकार ने यह रोक सिर्फ नई दिल्ली तक सीमित नहीं रखी, बल्कि कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में स्थित अपने मिशनों तक भी इसका दायरा बढ़ा दिया है।
कब से लागू हुई रोक
ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने बुधवार रात इस फैसले की पुष्टि की और यह पाबंदियां गुरुवार से लागू कर दी गईं। नए आदेश के तहत बिजनेस और रोजगार वीजा को छोड़कर अन्य सभी श्रेणियों के वीजा अस्थायी रूप से निलंबित कर दिए गए हैं।
कोलकाता स्थित बांग्लादेश डिप्टी हाई कमीशन में कांसुलर और वीजा सेवाएं पूरी तरह रोक दी गई हैं, जबकि मुंबई और चेन्नई के मिशनों में भारतीय नागरिकों के लिए टूरिस्ट समेत अन्य वीजा सेवाएं सस्पेंड कर दी गई हैं।
क्या है वजह
ढाका ट्रिब्यून ने डिप्लोमैटिक सूत्रों के हवाले से बताया कि, दोनों देशों के बीच जारी तनाव और सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। इससे पहले 22 दिसंबर को नई दिल्ली में बांग्लादेश हाई कमीशन ने मिशन के बाहर हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद अनिश्चितकाल के लिए वीजा सेवाएं रोक दी थीं। इसी तरह त्रिपुरा में स्थित ढाका के असिस्टेंट हाई कमीशन ने भी विरोध प्रदर्शनों के बाद वीजा सेवाओं को निलंबित करने की घोषणा की थी।





