गुजरात के अहमदाबाद में 12 जून 2025 को एयर इंडिया के पैसेंजर विमाग एआई-171 क्रैश हुआ था. इस गंभीर हादसे के बावजूद एयर इंडिया ने एविएशन इंश्योरेंस को सिर्फ थोड़ी बढ़ोतरी के साथ रिन्यू किया है. टाटा ग्रुप की इस एयरलाइन ने अपने करीब 300 विमानों के फ्लीट और लगभग 20 अरब डॉलर की संपत्ति को कवर करने वाले एविएशन इंश्योरेंस को रिन्यू कर लिया है.
इस बार कंपनी का सालाना प्रीमियम करीब 33 मिलियन डॉलर हो गया है, जो पिछले साल के करीब 30 मिलियन डॉलर से लगभग 10% ज्यादा है. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों ने बताया है कि इस बार एयर इंडिया करीब 33 मिलियन डॉलर का प्रीमियम देगी जबकि पिछले साल यह रकम लगभग 30 मिलियन डॉलर थी.
क्यों प्रीमियम में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं ?
हालांकि, इस मामले पर एयर इंडिया ने द इंडियन एक्सप्रेस के ईमेल का कोई जवाब नहीं दिया है. एयरलाइन की देनदारी (लायबिलिटी) कवर पहले की तरह करीब 1.5 अरब डॉलर के आसपास ही बनी हुई है. यह इंश्योरेंस रिन्यू ऐसे समय पर हुआ है जब एयर इंडिया अहमदाबाद-लंदन ड्रीमलाइनर क्रैश से जुड़े करीब 475 मिलियन डॉलर के क्लेम का सामना कर रही है.
इतने बड़े क्लेम के बावजूद बीमा कंपनियों ने प्रीमियम में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं की. लंदन जैसे बड़े एविएशन इंश्योरेंस हब के जानकारों का कहना है कि ग्लोबल रीइंश्योरेंस मार्केट अभी भी नरम बना हुआ है, जहां पर्याप्त फंड और कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा है. इसी वजह से बड़े नुकसान के बाद भी एयर इंडिया जैसी कंपनियों के लिए प्रीमियम में तेज बढ़ोतरी नहीं हुई है.




