क्रिकेटखेल

टीम इंडिया को बड़ा झटका, चोट के कारण अफगानिस्तान वनडे सीरीज से बाहर हुए विराट कोहली

अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्टार बल्लेबाज विराट कोहली हैमस्ट्रिंग चोट के कारण तीन मैचों की सीरीज से बाहर हो गए हैं। हालांकि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अभी तक उनके रिप्लेसमेंट का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है।

बताया जा रहा है कि विराट को यह चोट आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले के दौरान लगी थी। फाइनल में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 75 रन बनाए थे और अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। मैच के दौरान उन्हें दौड़ने में परेशानी होती दिखी थी और कई बार मेडिकल टीम की मदद भी लेनी पड़ी थी।

बता दें कि अफगानिस्तान एक टेस्ट और तीन वनडे मैच खेलने के लिए भारत के दौरे पर है। टेस्ट मैच 6-10 जून तक न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा। जबकि तीन वनडे मैच 13 जून से 20 जून तक खेले जाएंगे। इसके बाद टीम इंडिया इंग्लैंड के दौरे पर जाएगी, जहां उसे 14 जुलाई से 19 जुलाई के बीच तीन वनडे मैच खेलने हैं।

शानदार फॉर्म में थे विराट

विराट कोहली टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट से संन्यास लेने के बाद सिर्फ वनडे फॉर्मेट ही खेल रहे हैं, और वो इस समय इस फॉर्मेट में अपने सबसे शानदार फॉर्म से भी गुजर रहे हैं। 2025 में इस फॉर्मेट में कोहली 13 मैचों में 651 रन बनाकर भारत के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने थे, जिसमें तीन शतक और चार अर्धशतक शामिल थे। उन्होंने इस फॉर्म को 2026 में भी जारी रखा और न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में 240 रन बनाए, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल था।

फैंस को लगा बड़ा झटका

विराट कोहली के फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि वह 2027 वनडे वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व करें और अपने शतकों का आंकड़ा भी आगे बढ़ाएं। ऐसे में चोट के कारण उनका सीरीज से बाहर होना क्रिकेट प्रेमियों के लिए निराशाजनक खबर माना जा रहा है।

अफगानिस्तान सीरीज के लिए भारतीय वनडे टीम

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बरार और हर्ष दुबे को टीम में शामिल किया गया है।

वहीं रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या को फिटनेस के आधार पर टीम में रखा गया है। सीरीज शुरू होने से पहले दोनों खिलाड़ियों को अपनी फिटनेस साबित करनी होगी।

 

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts