कबीरधाम (कवर्धा) जिले में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना अंतर्गत ग्रामीणों को बड़ी संख्या में रोजगार का अवसर मिल रहा है। वर्तमान में 68 हजार 970 से अधिक पंजीकृत ग्रामीणों को रोजगार मिल रहा है। जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतो में 2588 निर्माण कार्य प्रगति पर है। चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में कबीरधाम जिले के जनपद पंचायत बोड़ला, कवर्धा, पंडरिया एवं सहसपुर-लोहारा क्षेत्र के ग्रामीणों को अभी तक 9 लाख 36 हजार मानव दिवस का रोजगार प्राप्त हो चुका है तथा रोजगार देने का सिलसिला निरंतर जारी है। इन कार्यों के लिए ग्रामीणों को प्रतिदिन 261 रुपए के दर से मजदूरी का भुगतान प्राप्त हो रहा है जो उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बना रहा है।
उल्लेखनीय है कि जिले के सभी ग्राम पंचायतो में पर्याप्त मात्रा में निर्माण कार्य मनरेगा योजना के अंतर्गत स्वीकृत किए गए हैं तथा ग्रामीणों की मांग पर कार्य प्रारंभ कर रोजगार दिया जा रहा है। नवा तरिया आय के जरिया, आजीविका डबरी, सामुदायिक डबरी, नए तालाबों का निर्माण, अमृत सरोवर, सोकपिट निर्माण, पुराने तालाबों का गहरीकरण सहित अनेक जल संवर्धन के कार्यों के साथ स्थाई परिसंपत्तियों का निर्माण हो रहा है। महात्मा गांधी नरेगा अंतर्गत जहां इन कार्यों से एक ओर ग्रामीणों को रोजगार मिल रहा है तो वहीं दूसरी ओर स्थाई परिसंपत्ति के निर्माण से आजीविका के नए स्रोत खुले रहे हैं।




