क्रिकेटखेल

विराट कोहली से बातचीत पर बोले वैभव सूर्यवंशी, कहा- ‘सपना सच होने जैसा था’

आईपीएल 2026 में अपने शानदार प्रदर्शन से सुर्खियां बटोरने वाले युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने विराट कोहली से हुई मुलाकात को लेकर खुलकर बात की है। राजस्थान रॉयल्स के इस युवा खिलाड़ी ने कहा कि फाइनल मैच के बाद कोहली से बातचीत करना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा था।

आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की थी। पूरे सीजन में उनके दमदार प्रदर्शन ने क्रिकेट जगत का ध्यान खींचा और उन्हें पहली बार भारतीय सीनियर टीम में भी जगह मिली है। अब वह आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम का हिस्सा होंगे।

राजस्थान रॉयल्स के टीम मैनेजर रोमी भिंडर के साथ बातचीत में वैभव ने कहा, “मैं पहले से ही आरसीबी का फैन था। असल में, मैं विराट कोहली का बहुत बड़ा फैन था। जब विराट भैया ने इस तरह मेरे कंधे पर हाथ रखा और मुझसे बात कर रहे थे, तो सचमुच ऐसा लगा जैसे कोई सपना सच हो गया हो।”

उन्होंने आगे कहा, “जिस तरह से उन्होंने बात की, ऐसा बिल्कुल नहीं लगा कि वह ‘विराट कोहली’ हैं। वह मुझसे एक बड़े भाई की तरह बात कर रहे थे, जिस तरह से उन्होंने चीजें समझाईं और मुझे बातें बताईं। उन्होंने मुझे बताया कि मुझे आगे क्या करना है और मेरा ध्यान किस चीज़ पर होना चाहिए।”

फाइनल के बाद दोनों खिलाड़ियों की बातचीत काफी चर्चा में रही थी। इससे पहले आरसीबी द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में भी विराट कोहली ने युवा बल्लेबाज को मेहनत जारी रखने और बाहरी बातों पर ध्यान न देने की सलाह दी थी।

कोहली ने वैभव से कहा था, “तुम्हें यहां से और भी आगे जाना है। तुमने जो कुछ भी हासिल किया है, वह अपनी कड़ी मेहनत और खुद पर भरोसे की बदौलत किया है। इस बात पर बिल्कुल ध्यान मत दो कि कौन क्या कह रहा है या कैसे कह रहा है। एक बिहारी, सब पे भारी।”

गौरतलब है कि वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। उन्होंने एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी तोड़ा और कुल पांच बड़े अवॉर्ड हासिल किए, जिनमें ऑरेंज कैप, मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP) और सुपर स्ट्राइकर अवॉर्ड शामिल हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts