कोलकाता: बीजेपी विधायक दल के नेता शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की। राज्यपाल आर एन रवि ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। यह शपथ ग्रहण समारोह कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राजनाथ सिंह, अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता और समर्थक भी इस कार्यक्रम में पहुंचे।
शुभेंदु अधिकारी के साथ पांच अन्य मंत्रियों ने भी शपथ ली। इनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, क्षुदिराम टुडू और निसिथ प्रमाणिक का नाम शामिल है।
बताया जा रहा है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में शुक्रवार को कोलकाता में बीजेपी के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक हुई थी, जिसमें शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुना गया। इसके बाद अमित शाह ने मुख्यमंत्री के रूप में उनके नाम की घोषणा की।
शपथ ग्रहण समारोह में बीजेपी का शीर्ष नेतृत्व मौजूद रहा। एनडीए के सहयोगी दलों के नेता और कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी इसमें शामिल हुए। पार्टी नेताओं का कहना है कि शीर्ष नेतृत्व की उपस्थिति पश्चिम बंगाल में बीजेपी की पहली सरकार बनने के महत्व को दर्शाती है।





