राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा सरगुजा जिले के विभिन्न विद्यालयों में छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) संक्रमण, सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम तथा एचपीवी टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक करना था।
अभियान के अंतर्गत दशमेश पब्लिक स्कूल की 60, कार्मेल स्कूल की 125 तथा होली क्रॉस स्कूल की 310 छात्राओं ने कार्यक्रम में भाग लिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छात्राओं को बताया कि एचपीवी वैक्सीन गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव का सुरक्षित एवं प्रभावी माध्यम है। समय पर टीकाकरण कराने से इस गंभीर बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने टीकाकरण से जुड़े लाभ, आवश्यक सावधानियों एवं भ्रांतियों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें अपने अभिभावकों एवं परिवार के अन्य सदस्यों को भी एचपीवी टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिले की सभी पात्र छात्राओं एवं उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान में सक्रिय सहभागिता करें तथा निर्धारित समय पर टीकाकरण कराकर सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में सहयोग दें।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में संबंधित विद्यालयों के प्राचार्यों एवं शिक्षकों के साथ स्वास्थ्य विभाग की शहरी कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. सीमा तिग्गा, डॉ. चंदन केशरी, डॉ. साधना मिश्रा (आरबीएसके टीम-ए), शहरी सुपरवाइजर श्री धनेश प्रताप सिंह तथा हिमालय फार्मासिस्ट का महत्वपूर्ण योगदान रहा।




