खेल

लाइव मैच में रियान पराग का वेप पीते वीडियो वायरल, मचा बवाल

आईपीएल मुकाबले के दौरान रियान पराग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह ड्रेसिंग रूम में वेप पीते हुए नजर आ रहे हैं। यह घटना मंगलवार को हुए पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के मैच के दौरान सामने आई, जब कैमरा अचानक ड्रेसिंग रूम की ओर गया।

वीडियो में देखा गया कि राजस्थान की पारी के 16वें ओवर के दौरान पराग बैठे हुए थे और वेप का इस्तेमाल कर रहे थे। कैमरे में धुआं उड़ाते हुए उनका यह दृश्य रिकॉर्ड हो गया, जिसके बाद यह क्लिप तेजी से वायरल हो गई और विवाद खड़ा हो गया।

मैच की बात करें तो मुल्लांपुर में खेले गए इस मुकाबले में पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 222 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन मिडिल ओवरों में लगातार विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई। पराग ने 16 गेंदों में 29 रन बनाए और वह युजवेंद्र चहल की गेंद पर आउट हुए।

वेप को सिगरेट का विकल्प माना जाता है, लेकिन इसमें मौजूद निकोटीन लत लगाने वाला होता है और इसे लेकर स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी बताए जाते हैं। भारत में वेपिंग पर प्रतिबंध भी लागू है, ऐसे में ड्रेसिंग रूम में इसके इस्तेमाल को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बवाल मचा हुआ है। लोग बीसीसीआई से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब देखना होगा कि BCCI  इस मामले में क्या कदम उठाता है।

गौरतलब है कि इस सीजन में पराग का प्रदर्शन भी खास नहीं रहा है। उन्होंने आईपीएल 2026 में अब तक 9 पारियों में कुल 117 रन बनाए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts