मनोरंजन

रणवीर सिंह ने डॉन 3 का साइनिंग अमाउंट लौटाया

काफी समय से चल रहे विवाद के बाद रणवीर सिंह ने आखिरकार ‘डॉन 3’ से आधिकारिक तौर पर किनारा कर लिया है। और इसके साथ ही करीब 10 करोड़ रुपये का साइनिंग अमाउंट भी वापस कर दिया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि निर्देशक फरहान अख्तर इस भूमिका के लिए नए अभिनेता को लेते हैं या फिल्म की योजना में बदलाव करते हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रणवीर सिंह ने साइनिंग अमाउंट लौटाने के साथ यह भी आश्वासन दिया है कि वे अपनी अगली फिल्म में फरहान अख्तर के प्रोडक्शन हाउस एक्सेल एंटरटेनमेंट को प्रॉफिट में हिस्सेदारी देने का भी आश्वासन दिया है। हालांकि, इस हिस्सेदारी का प्रतिशत अभी तय नहीं है और इस संबंध में किसी भी पक्ष की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

बताया जाता है कि ‘डॉन 3’ की घोषणा करीब तीन साल पहले की गई थी और इसमें रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में थे। शुरुआत में कियारा आडवाणी भी फिल्म का हिस्सा थीं, लेकिन उन्होंने निजी कारणों से फिल्म छोड़ दी। इसके बाद फिल्म की प्री-प्रोडक्शन प्रक्रिया लंबी खिंचती रही और इस बीच रणवीर अन्य प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हो गए।

इस साल की शुरुआत में खबर आई कि अनुचित मांगों के चलते एक्सेल एंटरटेनमेंट ने रणवीर सिंह को फिल्म से निकाल दिया है। मामला फिल्म प्रोड्यूसर्स गिल्ड तक भी पहुंचा, जहां अभिनेता आमिर खान ने मध्यस्थता करने की कोशिश की, लेकिन विवाद सुलझ नहीं पाया।

दूसरी ओर, यह भी कहा गया कि अभिनेता ने खुद ही फिल्म से दूरी बनाई है और इसकी वजह रचनात्मक मतभेद रहे। अगर साइनिंग अमाउंट लौटाने और मुनाफे में हिस्सेदारी देने की बात सही साबित होती है, तो इससे यह संकेत मिलता है कि रणवीर सिंह ने ही फिल्म छोड़ने का निर्णय लिया।

इस बीच खबरें यह भी हैं कि शाहरुख खान, फरहान अख्तर की फिल्म में वापसी कर सकते हैं। उनकी लगातार शाहरुख से बात जारी है। रिपोर्ट के अनुसार, शाहरुख खान चाहते हैं कि डॉन 3 का निर्देशन साउथ डायरेक्टर एटली करें, अगर ऐसा होता है तो वो फिल्म से जरूर जुड़ेंगे। इससे पहले दोनों फिल्म ‘जवान’ में साथ काम कर चुके हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts