रायपुर। राजधानी रायपुर के कई इलाकों में 11 जून को शाम के समय जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी मर्यादित (CSPDCL) द्वारा रावणभाटा उपकेंद्र में 33 केवी फीडरों के संधारण कार्य किए जाने के कारण 80 एमएलडी, न्यू 80 एमएलडी और 150 एमएलडी फिल्टर प्लांट से जुड़े 42 जलागारों में पानी की सप्लाई बंद रहेगी।
जानकारी के अनुसार, रावणभाटा उपकेंद्र में 33 केवी के 10 पोल स्ट्रक्चर के मध्य भूमिगत (अंडरग्राउंड) केबल बिछाने और उसे विद्युत लाइन से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। इस वजह से 11 जून 2026 को 33 केवी लाइन, इंटेकवेल और फिल्टर प्लांट बंद रहेंगे, जिससे 80 एमएलडी, न्यू 80 एमएलडी एवं 150 एमएलडी जल शोधन संयंत्रों का संचालन प्रभावित होगा।
इस कार्य का असर डंगनिया, ईदगाह भाठा, गंज, गुढ़ियारी, न्यू राजेंद्र नगर, श्याम नगर, तेलीबांधा, शंकर नगर, खमतराई, भनपुरी, भाठागांव, चंगोराभाठा, कुशालपुर, डी.डी. नगर, सरोना, टाटीबंध, कोटा, कबीर नगर, जरवाय, गोगांव, मठपुरैना, लालपुर, अमलीडीह, अवंति विहार, मंडी, मोवा, सड्डू, रामनगर, कचना, आमासिवनी, देवपुरी, मोतीबाग, बोरियाखुर्द, जोरा, रायपुरा, कुकरबेड़ा, नया वाइरन बाजार, देवेन्द्र नगर और संजय नगर ओवरहेड टैंक से जल आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
इन इलाकों में 11 जून की सुबह जलापूर्ति के बाद शाम को पानी की सप्लाई नहीं की जाएगी। वहीं 12 जून की सुबह से जलापूर्ति सामान्य रूप से बहाल कर दी जाएगी। विभाग ने बताया कि शहर के अन्य जलागारों और पावर पंपों से जल आपूर्ति यथावत जारी रहेगी।





