क्रांइमछत्तीसगढ़

नीले ड्रम में छिपाकर रखा था 33 किलो गांजा, पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को दबोचा

जगदलपुर। बस्तर जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भनपुरी थाना क्षेत्र के केशरपाल आवासपारा गांव में छापेमारी कर पुलिस ने एक घर से 33.25 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 16 लाख 62 हजार 500 रुपये आंकी गई है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव के एक मकान में बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली। जांच के दौरान घर के एक कमरे में रखे प्लास्टिक के नीले ड्रम के भीतर गांजा बरामद हुआ।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने केशरपाल निवासी किशोर बघेल (60) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से बरामद गांजे को जब्त कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस का कहना है कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts