रायपुर। राजधानी के पंडरी थाना क्षेत्र में लोन दिलाने के नाम पर एक युवक से 27 लाख 50 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लोन दिलाने का झांसा देकर बनाया शिकार
पुलिस के अनुसार, बीएसयूपी कॉलोनी दलदल सिवनी निवासी कृष्णा राव ने शिकायत दर्ज कराई है। वह जोमैटो में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता है और उसकी मासिक आय करीब आठ हजार रुपये है। करीब छह महीने पहले डिलीवरी के दौरान उसकी मुलाकात होरीलाल पंकज से हुई, जिसने खुद को लोन एजेंट बताया।
प्रोसेसिंग फीस के नाम पर पैसे और दस्तावेज लिए
शिकायतकर्ता के अनुसार, होरीलाल ने उसे जितेश कुमार चंद्राकर से मिलवाया। दोनों आरोपितों ने प्रोसेसिंग फीस के नाम पर पांच हजार रुपये नकद लिए। साथ ही आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक और चेकबुक जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज भी अपने पास रख लिए।
बिना जानकारी के उसके नाम पर उठाया लोन
जांच में सामने आया कि आरोपितों ने पीड़ित की जानकारी के बिना ही अलग-अलग बैंकों से उसके नाम पर लोन ले लिया। इसमें आइडीएफसी, एचडीबी, बैंक ऑफ बड़ौदा और यूनियन बैंक शामिल हैं। अलग-अलग समय पर कुल 27 लाख 50 हजार रुपये का लोन लिया गया, जिसे आरोपितों ने खुद ही निकाल लिया।
कर्ज के बोझ से परेशान पीड़ित
जब पीड़ित को इस ठगी की जानकारी मिली, तो उसने पंडरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। कम आय होने के कारण वह अब भारी कर्ज के बोझ में दब गया है और आर्थिक के साथ-साथ मानसिक परेशानियों का सामना कर रहा है।





