राजनांदगांव। जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पद्मश्री से सम्मानित समाजसेवी फूलबासन बाई यादव के अपहरण की कोशिश की गई। हालांकि ट्रैफिक पुलिस की सतर्कता के चलते यह वारदात नाकाम हो गई। पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक घटना सुकुल देहान क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि दो महिलाएं कार से पद्मश्री फूलबासन बाई यादव के घर पहुंचीं। दोनों महिलाओं ने उन्हें किसी काम के बहाने कार में बैठने के लिए कहा। इसके बाद फूलबासन बाई कार में दोनों महिलाओं के साथ बैठ गईं। कार में बैठाने के बाद दोनों महिलाएं उन्हें लेकर नेशनल हाईवे की ओर भागने लगीं।
इसी दौरान इलाके में ट्रैफिक पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान जब कार को रोका गया, तब फूलबासन बाई यादव ने हिम्मत दिखाते हुए इशारों में पुलिस को अपनी स्थिति बताई। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों महिलाओं को पकड़ा और उन्हें सुकुल देहान पुलिस के हवाले कर दिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। जांच के बाद ही घटना के पीछे की सच्चाई सामने आएगी। राहत की बात यह है कि फूलबासन बाई यादव सुरक्षित हैं।





