भोपाल। मध्य प्रदेश में नौतपा का समापन राहत भरे मौसम के साथ हो रहा है। इस बार नौतपा के अधिकांश दिनों में भीषण गर्मी की बजाय बादल, तेज हवाएं और बारिश का असर देखने को मिला। मौसम विभाग ने नौतपा के आखिरी दिन प्रदेश के 45 जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना जताई है।
पिछले आठ दिनों से राज्य के अलग-अलग इलाकों में आंधी और बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, मालवा और निमाड़ क्षेत्र में आज मौसम सबसे अधिक प्रभावी रह सकता है। धार और बड़वानी जिलों में भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
वहीं आगर-मालवा और राजगढ़ जिलों में भी ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है। संभावित खराब मौसम को देखते हुए किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
हालांकि प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और बादलों का असर बना हुआ है, लेकिन गर्मी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि कुछ जिलों में तेज गर्मी का प्रभाव जारी रहेगा। इन इलाकों में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे लोगों को उमस और हीटवेव जैसे हालात का सामना करना पड़ सकता है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम का यही मिला-जुला स्वरूप देखने को मिल सकता है, जहां एक ओर बारिश और तेज हवाएं राहत देंगी तो दूसरी ओर कुछ क्षेत्रों में गर्मी लोगों को परेशान करती रहेगी।





