*”पिपरौद में गूंजा ‘मोदी है तो मुमकिन है’ का नारा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने गिनाईं केंद्र सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियाँ”*


सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री बृजमोहन अग्रवाल ने रायपुर लोकसभा अंतर्गत अभनपुर विधानसभा के ग्राम पिपरौद में विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत सघन जनसंवाद किया।
इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय मुलाकात की। कार्यक्रम की शुरुआत ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर की गई।
*विकास के 12 वर्ष: कांग्रेस के 68 वर्षों पर भारी*
सभा को संबोधित करते हुए श्री बृजमोहन अग्रवाल ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सफल 12 वर्षों के कार्यकाल पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि, “प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने अपनी कार्यशैली से भारत को विश्वगुरु बनाने की दिशा में अग्रसर किया है। इन 12 वर्षों में मोदी जी ने जितने जनकल्याणकारी कार्य किए हैं, उतने पिछले 68 वर्षों में नहीं हुए थे।” उन्होंने आगे कहा कि आज भारत की पहचान वैश्विक पटल पर सम्मान के साथ ली जाती है, जो कि मोदी जी के नेतृत्व का ही परिणाम है।
*सांसद ने जनता के सामने गिनाईं मोदी सरकार की उपलब्धियाँ*
श्री अग्रवाल ने स्थानीय विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि, “अभनपुर से उलाजिन तक की चौड़ी सड़क, प्रधानमंत्री आवास, घर-घर नल-जल योजना, और धान का समर्थन मूल्य, ये सभी मोदी जी की गारंटी के प्रमाण हैं।” उन्होंने कहा कि राम मंदिर का निर्माण हो या कश्मीर से अनुच्छेद 370 का खात्मा, प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रहित में ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं।
*जनता की समस्याओं का तत्काल निराकरण:*
संवाद के दौरान सांसद श्री अग्रवाल ने विकास कार्यों की घोषणाएं भी कीं
* पिपरौद चंडी तालाब का सौंदर्यीकरण और गहरीकरण का कार्य मनरेगा के माध्यम से स्वीकृत।
*पिपरौद से सोनेसिल्ली पहुंच मार्ग की मरम्मत बरसात के बाद शुरू होगी।
*सांसद निधि से पिपरौद में विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये की राशि स्वीकृत।
*अन्य विकास कार्य: ग्राम पंचायत दादर धोरी में शेड निर्माण हेतु 10 लाख (मंडी बोर्ड से), पटेवा में रंगमंच के लिए 5 लाख, और कुरा में टीना शेड के लिए 5 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई।
*अधिकारियों को सख्त निर्देश*
कार्यक्रम में सरकारी जमीन को अवैध रूप से बेचने की शिकायत मिलने पर सांसद श्री अग्रवाल ने कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों को 7 दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपने और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
*रात्रि भोज और आत्मीय संवाद:*
कार्यक्रम के उपरांत श्री अग्रवाल ने स्थानीय कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ गांव में ही रात्रि भोज किया और जनसमस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे केंद्र और राज्य की विष्णुदेव साय सरकार की जनहितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाएँ।
इस अवसर पर स्थानीय विधायक श्री इंद्र कुमार साहू, भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री अशोक बजाज सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित थे।




