ईरान जंग के चलते वैसे तो कई दिक्कतें पैदा हुई हैं, लेकिन तेल और गैस की सप्लाई में आई बाधा चिंता का सबब बनी हुई है. ईरान और अमेरिका दोनों की तरफ से होर्मुज स्ट्रेट को बार्गेनिंग चिप की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है. तेल और गैस ईरान की इकोनॉमी की रीढ़ है. इसके गड़बड़ाने से तेहरान की आर्थिक समस्याओं का बढ़ना स्वाभाविक है. अमेरिका ने होर्मुज स्ट्रेट की नाकाबंदी करने का ऐलान कर दिया, ताकि ईरान को आर्थिक तौर पर कंगाल किया जा सके. इसका एक और पहलू है. होर्मुज स्ट्रेट को इंटरनेशनल एनर्जी कॉरिडोर के तौर पर भी जाना जाता है. ईरान इस गलियारे की अहमियत को बखूबी समझता है. यही वजह है कि तेहरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने का ऐलान कर दिया. यहां तक कि ईरानी सेना की तरफ से भारतीय जहाजों पर भी गोलीबारी की गई. तेहरान का मानना है कि होर्मुज को जहाजों की आवाजाही के लिए बंद करने से दुनिया के तमाम देश अमेरिका पर जंग को खत्म करने का दबाव डालेंगे. इस तरह यह मामला दो देशों की रणनीतिक गतिविधयों का अखाड़ा बना हुआ है. इसके चलते भारत समेत दुनिया के अन्य देशों में तेल और गैस को लेकर अफवाहों का बाजार गर्म है. भारत में खंडवा समेत देश के कई अन्य जगहों में पेट्रोल पंपों पर लोगों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं. इन सबके बीच ईरान के खर्ग आइलैंड से राहत भरी खबर सामने आई है. ईरान ने तेल स्टोरेज के लिए 30 साल पुराने जहाज को बाहर निकाला है.




