रायपुर। राजधानी स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस पर जनसेवा से जुड़ी पहल की गई। इस अवसर पर परिसर में नए हेल्थ सेंटर का शुभारंभ किया गया और साथ ही नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित हुआ, जिसमें विद्यार्थियों, कर्मचारियों और अतिथियों सहित कुल 121 लोगों ने लाभ लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों ने हेल्थ सेंटर का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रवि आर. सक्सेना मौजूद रहे, जबकि अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनोज दयाल ने की। इसके अलावा छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा और मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास भी विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।
अपने संबोधन में कुलपति प्रो. मनोज दयाल ने कहा कि विश्वविद्यालय ने 21 वर्ष पूरे कर लिए हैं और अब 22वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने पत्रकारिता को लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ बताते हुए विद्यार्थियों से समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि प्रो. सक्सेना ने भी विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जुड़ने और सेवा कार्यों में आगे आने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान एमबीए हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन विभाग से जुड़े अस्पतालों के प्रतिनिधियों का सम्मान भी किया गया। गौरतलब है कि विश्वविद्यालय की स्थापना 16 अप्रैल 2005 को हुई थी और इसका उद्घाटन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा किया गया था।





