केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना ने महासमुंद जिले के विकासखंड बसना अंतर्गत ग्राम पंचायत जोगीपाली के आश्रित ग्राम सरायपाली के ग्रामीणों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। कभी पेयजल संकट से जूझने वाला यह गांव आज ‘हर घर जल’ की सुविधा से लाभान्वित हो रहा है। अब गांव के प्रत्येक घर में नल के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो रहा है।
पानी के लिए करना पड़ता था लंबा इंतजार
ग्रामीणों के अनुसार, पहले गांव में पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों को दूर-दूर तक जाकर पानी लाना पड़ता था। गर्मी के मौसम में स्थिति और भी चुनौतीपूर्ण हो जाती थी। परिवारों का काफी समय केवल पानी की व्यवस्था में ही खर्च हो जाता था।
जल जीवन मिशन से मिला स्थायी समाधान
ग्रामीणों की इस समस्या को दूर करने के लिए जल जीवन मिशन के अंतर्गत 45.64 लाख रुपये की लागत से पानी टंकी का निर्माण कराया गया। साथ ही 1630 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाकर गांव में सुदृढ़ जल वितरण व्यवस्था विकसित की गई। योजना के तहत गांव के 51 घरों में नल कनेक्शन प्रदान किए गए। इसके अलावा उपलब्ध हैंडपंपों को भी जलापूर्ति व्यवस्था से जोड़ा गया, जिससे प्रत्येक परिवार तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना संभव हो सका।
ग्रामीणों की भागीदारी से मिली सफलता
ग्राम पंचायत के सरपंच श्री अक्षय कुमार भोई के नेतृत्व, जनप्रतिनिधियों के सहयोग और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से यह कार्य निर्धारित समय में पूरा हुआ। बेहतर क्रियान्वयन के परिणामस्वरूप 14 अप्रैल 2026 को ग्राम सरायपाली को ष्हर घर जल ग्रामष् के रूप में प्रमाणित किया गया।
महिलाओं और बच्चों को मिला सीधा लाभ
योजना की हितग्राही श्रीमती रुकमणी जगत बताती हैं कि पहले पानी लाने के लिए काफी दूर जाना पड़ता था। सुबह का अधिकांश समय पानी भरने में ही निकल जाता था। अब घर में नल से शुद्ध पेयजल मिलने से समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है। उन्होंने बताया कि महिलाओं का कार्यभार कम हुआ है, बच्चों को पढ़ाई के लिए अधिक समय मिल रहा है तथा स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में भी कमी आई है।
सुविधा के साथ बढ़ी खुशहाली
जल जीवन मिशन ने सरायपाली के ग्रामीणों को केवल पेयजल सुविधा ही नहीं दी, बल्कि उनके जीवन स्तर को भी बेहतर बनाया है। यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और जनजीवन में सकारात्मक बदलाव का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरी है। आज सरायपाली के ग्रामीण शुद्ध पेयजल की सुविधा का लाभ उठाते हुए बेहतर स्वास्थ्य, स्वच्छता और सम्मानजनक जीवन की ओर आगे बढ़ रहे हैं।




